मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में लगी गोली:मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश बोले- गलती हो गई सर अब कभी नहीं करेंगे

मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में लगी गोली:मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश बोले- गलती हो गई सर अब कभी नहीं करेंगे

यूपी में बदमाशों की अब खैर नहीं! बरेली में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। गोली लगते ही बदमाश गिड़गिड़ाने लगे। दोनों बदमाश बोले- सर गलती हो गई अब कभी नहीं करेंगे। पुलिस ने दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, इनके ऊपर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। रम्पुरा अंडरपास के पास घेराबंदी, पुलिस पर झोंका फायर
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि भमोरा क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी और लूट की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई थीं। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सटीक सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश रम्पुरा बुजुर्ग अंडरपास के पास छिपे हैं। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में घायल हुए जफरुद्दीन और सुदामा
बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं, जो दोनों बदमाशों के पैर में लगीं। घायल होने के बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान जफरुद्दीन (थाना भोजीपुरा) और सुदामा (थाना नवाबगंज/इज्जतनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि ये शातिर अपराधी हैं और गाजियाबाद, सीतापुर समेत कई जनपदों में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस जैसी संगीन धाराओं में जेल जा चुके हैं। लूट के मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद, साथी की तलाश जारी
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, दो नाजायज तमंचे, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें से दो मोबाइल पिछले महीने इज्जतनगर के विलयधाम क्षेत्र से लूटे गए थे। पूछताछ में इनके एक और साथी आसिफ का नाम भी सामने आया है, जो इन वारदातों में शामिल था। पुलिस अब आसिफ की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *