अयोध्या में रेप के आरोपी पर 10 हजार का इनाम:घर की कुर्की भी हुई, 2024 से है फरार

अयोध्या में रेप के आरोपी पर 10 हजार का इनाम:घर की कुर्की भी हुई, 2024 से है फरार

अयोध्या जिले के बाबा बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के आरोपी बिरजू पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी वर्ष 2024 से फरार चल रहा है और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है। पीड़ित महिला ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया। पुलिस टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के घर की धारा 85 के तहत कुर्की की कार्रवाई भी की थी, इसके बावजूद उसने न तो आत्मसमर्पण किया और न ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकी। इस मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्र अधिकारी रुदौली आशीष निगम कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या ने उस पर 10,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। यह पुरस्कार उस टीम को दिया जाएगा जो आरोपी को गिरफ्तार करेगी। फरार अभियुक्त बिरजू पुत्र अनन्ते उर्फ रामअनन्त, निवासी ग्राम गोड़ पुरवा मजरे बिहारा, थाना बाबा बाजार, जनपद अयोध्या के खिलाफ थाना बाबा बाजार में धारा 74, 64(1) बी०एन०एस० व 3(2)वी एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *