सोनभद्र में बाइक पुलिया के नीचे पलटी, युवक की मौत:दादी के दसवीं में शामिल होने अहमदाबाद से आया था पोता, चचेरा भाई घायल

सोनभद्र में बाइक पुलिया के नीचे पलटी, युवक की मौत:दादी के दसवीं में शामिल होने अहमदाबाद से आया था पोता, चचेरा भाई घायल

सोनभद्र में दुद्धी थाना क्षेत्र के महुअरिया-लिलासी मार्ग पर रविवार की रात में करीब सात बजे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 102 एंबुलेंस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक की पहचान सरडीहा, टोला सायल निवासी पवन सिंह (21) पुत्र रामदास के रूप में हुई है। जबकि दूसरे घायल की पहचान मृतक के चचेरा भाई बाबूलाल (19) पुत्र दुबराज के रूप में हुई है। परिजन और आसपास के लोगों ने बताया कि हादसे के बाद पवन सिंह काफी देर तक पुलिया के नीचे पानी में पड़ा रहा। मृतक के पिता रामदास ने बताया कि पवन अहमदाबाद में पाइपलाइन का काम करता था। कुछ दिन पहले उसकी दादी का निधन हुआ था, जिसके दसवें कार्यक्रम में शामिल होने वह घर आया था। वह अपने चचेरे भाई के साथ रविवार की शाम में बाइक से लिलासी जा रहा था तभी रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। वहीं, म्योरपुर सीएचसी के डॉ. धरमराज मौर्य ने बताया कि अस्पताल में लाने से पहले ही पवन सिंह की मौत हो चुकी थी। जबकि घायल बाबूलाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने घटना की सूचना म्योरपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *