PCB चीफ से मिलने लाहौर पहुंचे BCB अध्यक्ष अमीनुल:ICC ने वर्चुअल मीटिंग बुलाई, टी-20 वर्ल्डकप में भारत-पाकिस्तान मामला

PCB चीफ से मिलने लाहौर पहुंचे BCB अध्यक्ष अमीनुल:ICC ने वर्चुअल मीटिंग बुलाई, टी-20 वर्ल्डकप में भारत-पाकिस्तान मामला

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल लाहौर पहुंच गए हैं, जहां उनकी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात होने की संभावना है। पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बायकॉट करने का ऐलान किया है। इस मुद्दे पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने आज रात आपात बैठक बुलाने का फैसला किया। यह बैठक वर्चुअल होने की उम्मीद है, जिसमें ICC के सीईओ संजोग गुप्ता, PCB प्रमुख मोहसिन नकवी और BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल के शामिल होने की संभावना है। बैठक में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पाकिस्तान के रुख और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। श्रीलंका ने PCB से कहा- इमेज को नुकसान होगा इससे पहले, शनिवार को इस मुद्दे को लेकर श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को मेल लिखा। इसमें कहा गया है कि भारत-पाक मैच नहीं होने से श्रीलंका क्रिकेट को आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की इमेज को भी नुकसान होगा। श्रीलंका इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारत के साथ मिलकर कर रहा है। पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच सरकार और क्रिकेट स्तर पर हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं, इसलिए PCB इस अपील को नजरअंदाज नहीं कर सकता। PCB चीफ मोहसिन नकवी से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शमी सिल्वा ने संपर्क किया। उन्होंने कहा- भारत-PAK मैच नहीं होने पर टिकट बिक्री और हॉस्पिटैलिटी से होने वाली अतिरिक्त कमाई भी खत्म हो जाएगी। श्रीलंकाई टीम सिक्योरिटी प्रॉब्लम के बावजूद पाकिस्तान गई थी पिछले साल नवंबर में सुरक्षा चिंताओं के बावजूद श्रीलंकाई सरकार ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान दौरा पूरा करने का निर्देश दिया था और उस वक्त श्रीलंका ने पाकिस्तान का मजबूती से साथ दिया था। इस वनडे सीरीज को पाकिस्तान ने 3-0 से जीता था। पाकिस्तान सरकार ने कहा था- वर्ल्डकप खेलेंगे, लेकिन भारत से नहीं पाकिस्तान ने 1 फरवरी को घोषणा की कि वह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करेगा। पाकिस्तान सरकार ने यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाने के बाद लिया। बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंता जताई थी। सरकार ने X पर एक पोस्ट में कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। ICC बोला- पाकिस्तान अपने फैसले पर विचार करे ICC ने एक फरवरी को ही देर रात 11 बजे मीडिया रिलीज में कहा, हम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के ऑफिशियल कन्फर्मेशन का इंतजार कर रहे हैं। ICC सरकार के फैसलों का समर्थन करता है, लेकिन पाकिस्तान का फैसला दुनियाभर में क्रिकेट के इकोसिस्टम को प्रभावित करने वाला है। ICC उम्मीद कर रहा है कि PCB अपने फैसले पर फिर से विचार करेगा ताकि दुनियाभर में क्रिकेट का सिस्टम प्रभावित न हो। पाकिस्तान खुद ICC का सदस्य है। हम चाह रहे हैं कि पाकिस्तान किसी तरह सभी स्टेकहोल्डर्स को ध्यान में रखते हुए आखिरी फैसला ले। भारत तय समय पर श्रीलंका जाएगी टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी। टीम 15 फरवरी को श्रीलंका पहुंचेगी और ICC के सभी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करेगी। हालांकि, मैच को लेकर अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा ही लिया जाएगा।
ग्रुप स्टेज में 3 ही मैच खेलेगा पाकिस्तान बॉयकॉट के बाद पाकिस्तान और भारत की टीमें ग्रुप स्टेज में 3-3 मैच ही खेलेगी। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ 3 विकेट से मैच जीत चुका है, 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी। वहीं टीम इंडिया 7 फरवरी को अमेरिका, 12 फरवरी को नामीबिया और 18 फरवरी को नीदरलैंड से भिड़ने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *