महिला चिकित्सक से लूट का आरोपी अरेस्ट:सहारनपुर में चाकू दिखाकर पर्स छीना था, CCTV से पहचान हुई

महिला चिकित्सक से लूट का आरोपी अरेस्ट:सहारनपुर में चाकू दिखाकर पर्स छीना था, CCTV से पहचान हुई

सहारनपुर के नानौता में महिला चिकित्सक से लूट के आरोपी को पुलिस ने रविवार शाम को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी ने दिनदहाड़े एक निजी क्लिनिक में चाकू के बल पर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा। यह घटना दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर स्थित डॉ. आदित्य चौहान और उनकी पत्नी डॉ. रीबा चौहान द्वारा संचालित क्लिनिक में 6 फरवरी को हुई। जब दोपहर करीब डेढ़ बजे जब डॉ. आदित्य क्लिनिक से बाहर गए थे, तभी एक युवक अंदर घुस आया। उसने महिला चिकित्सक डॉ. रीबा चौहान को चाकू दिखाकर धमकाया और उनका पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में लगभग पाँच हजार रुपये नकद और हजारों रुपये की आर्टिफिशियल ज्वैलरी थी। घटना के बाद डॉ. रीबा ने अपने पति को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर की गई। थाना नानौता पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर क्लिनिक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कैद तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर तलाश शुरू की। रविवार शाम पुलिस ने इस लूट का खुलासा करते हुए आरोपी शाहरुख पुत्र नजर हसन को अरेस्ट कर लिया। शाहरुख गंगोह क्षेत्र के ग्राम शास्त्रा का रहने वाला है। पुलिस टीम ने उसे हिमामपुर नहर पुलिया के पास से पकड़ा। उसके कब्जे से लूटे गए दो हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शाहरुख एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं को बढ़ाया है और आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। थानाध्यक्ष नवीन कुमार सैनी ने बताया कि यह सफलता सीसीटीवी तकनीक और त्वरित कार्रवाई के कारण मिली है। पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क और उसके आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *