कटनी में युवक पर चाकू से हमला:आजाद चौक पर हुआ ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर

कटनी में युवक पर चाकू से हमला:आजाद चौक पर हुआ ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर

कटनी के आजाद चौक इलाके में एक 23 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला किया गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के इस व्यस्ततम इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना में एक दर्जन से अधिक युवकों ने पीड़ित पर हमला किया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित की पहचान भट्टा मोहल्ला निवासी शुभांशु तिवारी (23) के रूप में हुई है, जो सुशील तिवारी के पुत्र हैं। शुभांशु अपने निजी काम से आजाद चौक स्थित बट्टू लाल पटाखे की दुकान के पास खड़े थे। तभी अनमोल नामक युवक अपने 10-15 साथियों के साथ वहां पहुंचा। घायल शुभांशु को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में शुभांशु ने बताया कि हमलावरों से उनकी कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था। उन्होंने कहा कि वे वहां खड़े थे, तभी अनमोल और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। शहर के मुख्य व्यावसायिक केंद्र आजाद चौक पर दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में चिंता का माहौल है। क्षेत्र में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर लोग अपनी सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है और पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *