गुरुग्राम पुलिस ने ऑटो रिक्शा चोरी के एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ऑटो रिक्शा भी बरामद कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने नशे और जुए की लत पूरी करने के लिए यह वारदात की थी। बता दे कि यह मामला 3 फरवरी को पुलिस थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 1 फरवरी को गांव गढ़ी हरसरू, गुरुग्राम से उसका ऑटो रिक्शा अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सेक्टर-10 की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से सेक्टर-95, गुरुग्राम क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश (20 वर्ष) निवासी फर्रुखनगर, विशाल (21 वर्ष) और रवि (21 वर्ष) निवासी हयातपुर तथा गौरव (24 वर्ष) निवासी गढ़ी हरसरू, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। नशे के आदी हैं आरोपी पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशा करने और जुआ खेलने के आदी हैं। जुए में करीब 10 हजार रुपये हार जाने के बाद पैसों की भरपाई के लिए उन्होंने ऑटो रिक्शा चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुआ ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया है। आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि गौरव पर पहले भी चोरी व छीनाझपटी के दो मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी विशाल पर हत्या और चोरी से संबंधित दो अभियोग पहले से ही गुरुग्राम जिले में दर्ज हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान उनसे अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।


