मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 फरवरी को बाराबंकी के दुलहदेपुर कुटी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक और राजनैतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री यहां आयोजित ‘दशम श्री हनुमंत विराट महायज्ञ’ और सामूहिक कन्या विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। राज्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे पंडाल, मंच और हेलीपैड की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न होने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसमें होने वाला सामूहिक कन्या विवाह और नेत्र शिविर समाज सेवा का एक उदाहरण है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों को रास्ते की मरम्मत और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए। दुलहदेपुर कुटी पर महंत बलराम दास के सानिध्य में यह आयोजन पिछले कई वर्षों से मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना से जिले में उत्साह है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं और पुलिस बल की तैनाती की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। महंत बलराम दास ने बताया कि मुख्यमंत्री का इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। राज्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


