फतेहपुर जनपद की एक महिला ने अपने पति पर नवजात बच्चे को गायब करने और दूसरी शादी रचाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। यह घटना उत्तर प्रदेश के फतेहपुर और कानपुर जिलों से संबंधित है। मोहाल गंगानगर निवासी नीलम पुत्री शिवकरन ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व उसने वहीं के निवासी नितिन कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। परिजनों की नाराजगी के कारण दोनों उन्नाव में किराए के मकान पर रहने लगे थे। पीड़िता के अनुसार, मार्च 2024 में नितिन अपनी बहन की शादी का बहाना बनाकर उसे उन्नाव में ही छोड़ आया और काफी समय तक वापस नहीं लौटा। इस दौरान नीलम गर्भवती थी। नीलम ने बताया कि 24 अक्टूबर 2025 को उसने लखनऊ के एक अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नितिन उसे कृष्णा नगर स्थित एक होटल में ले गया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह दवा खाकर सो गई, तब उसका बच्चा गायब मिला। पूछने पर नितिन ने गाली-गलौज की और उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता को जानकारी मिली कि उसका पति नितिन कुमार 8 फरवरी 2026 को कानपुर के कोयला नगर में अपनी पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी शादी करने जा रहा है। न्याय की उम्मीद में नीलम ने महिला थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर शादी रुकवाने और दोषी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने युवक को पकड़कर थाने ले आई, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है।


