प्रकृति के नजारों और रोमांच से भरपूर ईको टूरिज्म का नया स्पॉट चारखेड़ा

प्रकृति के नजारों और रोमांच से भरपूर ईको टूरिज्म का नया स्पॉट चारखेड़ा

रविवार का दिन हर किसी के लिए सिर्फ छुट्टी नहीं, बल्कि परिवार के साथ पूरा दिन बिताने अवसर होता है। भागदौड़ भरी जिंदगी में यह एक ऐसा दिन है, जब मनचाहा समय अपने तरीके से जिया जा सकता है। शहरवासी अपने इस दिन को ओर भी खास बना सकते है, जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर परिवार सहित घूमकर।

खंडवा से 45 किमी दूरी पर प्रकृति के भरपूर नजारों और रोमांचक गतिविधियों का आनंद ईको टूरिज्म के माध्यम से उठाया जा सकता है। हरसूद के पास इंदिरा सागर के बैक वाटर के पास बने वन विभाग के चारखेड़ा ईको टूरिज्म स्पॉट पर हर वह चीज मौजूद है जो आत्मिक आनंद और पूरे परिवार को खुशियां देती है। बच्चों के मनोरंजन के लिए यहां विशेष सुविधाएं मौजूद है। छुट्टी के दिन यहां आना अपने आप में एक अलग अनुभूति प्रदान करता है।

रोमांचक गतिविधियों से हो सकते रूबरू
चारखेड़ा ईको टूरिज्म में कई तरह की रोमांचक गतिविधियों के साधन मौजूद है। यहां आप साइकिलिंग, ऑर्चरी, रॉक लाइनिंग, नेटिंग सहित बोटिंग का आनंद ले सकते है। इसके साथ ही यहां बर्ड वॉचिंग, सनसेड के अद्भुत नजारे भी देखे जा सकते हैं।

पारंपरिक भोजन का भी ले सकते स्वाद
यहां रुकने के लिए वन विभाग द्वारा चार स्विस टेंट और पांच वातानुकूलित हट्स भी मौजूद है। कैफेटेरिया में पारंपरिक निमाड़ी भोजन का भी आनंद लिया जा सकता है। इसके अलावा यदि खुद ही भोजन बनाना चाहते है तो उसके लिए भी वन विभाग ओपन किचन में बर्तन रसोईया तक उपलब्ध करा रहा है।

तितली पार्क भी यहां
चारखेड़ा ईको टूरिज्म स्पॉट पर हजारों तरह के पक्षियों के भी दर्शन किए जा सकते है। इसके साथ ही पास ही मौजूद तितली पार्क में लाखों तरह की तितलियां भी लोगों को लुभाएगी। दुनियाभर से लाई गई विभिन्न प्रजातियों की तितली यहां मौजूद है।

इस तरह से जा सकते चारखेड़ा
खंडवा से बाय कार या बस के माध्यम से पहुंचा जा सकता है। खंडवा से चारखेड़ा की दूरी महज 45 किमी है। इसके साथ ही यहां से धार्मिक स्थल संत सिंगाजी महाराज की समाधि भी जा सकते है। चारखेड़ा से सिंगाजी की दूरी 15 किमी है। रुकने के लिए वन विभाग की साइट पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।

संत सिंगाजी महाराज के भी करें दर्शन
ईको टूरिज्म के साथ ही धार्मिक पर्यटन का भी आनंद लिया जा सकता है। चारखेड़ा से सिंगाजी महाराज की समाधि स्थल पर आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां निमाड़ के प्रसिद्ध संत सिंगाजी महाराज की समाधि के साथ बैक वाटर का भी आनंद ले सकते है। सिंगाजी महाराज की समाधि के दर्शन के साथ ही यहां महज 30 रुपए थाली में दाल बाटी, चूरमा का भी आनंद लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *