देवास पुलिस के पांच कर्मचारियों को भारत सरकार द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें से दो कर्मचारियों को वर्ष 2025 के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक और तीन कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। गृह मंत्रालय पुलिस और सुरक्षा बलों के कर्मियों को उनकी असाधारण, सराहनीय और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए यह पदक देता है। सम्मान राष्ट्रहित में उनके योगदान को मान्यता देता है। देवास एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अति उत्कृष्ट सेवा पदक उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में असाधारण निष्ठा, अनुकरणीय कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। प्रधान आरक्षक ईश्वर सिंह और जगदीश चंद्र सोलंकी को वर्ष 2025 के लिए यह अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक उन कर्मियों को मिलता है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में उल्लेखनीय और सराहनीय कार्य किया हो। साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, यातायात के प्रधान आरक्षक अभयसिंह कुशवाह और थाना सोनकच्छ के प्रधान आरक्षक कुलदीपसिंह सिकरवार को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री सेवा पदक प्राप्त करना अत्यंत सम्मान और गर्व का विषय है।


