गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोकुला गांव में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला हुआ है। जहां भीम यादव नामक युवक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, तभी रास्ते में गौरव नामक व्यक्ति ने उसे रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर गौरव ने हॉकी और लाठी-डंडों से भीम यादव पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में भीम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के अनुसार, परिजन घायल भीम यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय सीधे नवाबगंज थाने ले गए। वहां उन्होंने पुलिसकर्मियों को घायल अवस्था दिखाई और गौरव के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद, उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने भीम यादव के परिजनों की तहरीर पर आरोपी गौरव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नवाबगंज थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल भीम यादव का गोंडा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। नवाबगंज थाने के क्राइम इंस्पेक्टर विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि भीम यादव देर रात एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। जब गौरव ने उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी गौरव फरार है, और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर तलाश कर रही है।


