दतिया में चिरूला थाना अंतर्गत न्यायालय के सामने उनाव न्यू बायपास रोड पर शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्वालियर-झांसी हाईवे स्थित न्यू बायपास तिराहे पर एक लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:30 बजे लोडिंग वाहन क्रमांक UP 93 CT 9294 और बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली न्यू बायपास तिराहे पर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर के मडगार्ड/बोनट पर बैठे रविंद्र सेन (23) पुत्र छोटेलाल सेन, यश सेन (15) और बालाराम सेन (50) सड़क पर जा गिरे। हादसे के कुछ ही देर बाद रविंद्र सेन की मौत हो गई। हादसे में घायल यश सेन, बालाराम सेन और लोडिंग वाहन के चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल दतिया भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन कर अपने गांव डगरई लौट रहे थे। डगरई पहुंचने के लिए न्यू बायपास तिराहे से ट्रैक्टर को मुड़ना था, लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली रॉन्ग साइड में आ गई और मोड़ पर लोडिंग वाहन से भिड़ंत हो गई। लोडिंग वाहन में सवार बिट्टू जाटव और रवि रायकवार, निवासी झांसी, दतिया से झांसी की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही चिरूला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


