सीतापुर में दो दिनों तक खिली धूप के बाद रविवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली। सुबह होते ही जिले भर में घना कोहरा छा गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे की तीव्रता इतनी अधिक रही कि सड़कों पर विजिबिलिटी घटकर महज 20 मीटर तक सिमट गई। इसका सीधा असर यातायात पर पड़ा और हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़कों तक वाहनों की रफ्तार थमी नजर आई। कोहरे के साथ चल रही तेज और बर्फीली हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया। रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को एक बार फिर कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा। 3 तस्वीरें देखिए… मालूम हो कि इससे पहले दो दिनों तक खिली धूप ने लोगों को ठंड से कुछ राहत दी थी। दिन में निकल रही हल्की धूप के कारण बाजारों में रौनक बढ़ी थी और लोग सर्दी से राहत महसूस कर रहे थे। लेकिन रविवार को अचानक बदले मौसम ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बर्फीली हवाओं के चलते खुले स्थानों पर ठहरना मुश्किल हो गया और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं ठंडी हवाओं के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।


