हरियाणा के हांसी में पूर्व पंचायत सचिव व प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 3 फरवरी को हुडा सेक्टर-6 में हुए इस हत्याकांड के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात करीब 9:30 बजे हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश निवासी महेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र सांगवान ने बताया कि पुलिस महेंद्र को मध्य प्रदेश से लेकर आ रही थी। हांसी के नजदीकी गांव शेखपुरा क्षेत्र में जब पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने पहुंची, तो आरोपी ने उसी हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली महेंद्र के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। डीएसपी सांगवान ने बताया कि आरोपी द्वारा चलाई गई पिस्टल को मौके से बरामद कर लिया गया है। घायल महेंद्र को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंची घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और साजिश के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने हाल ही में इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार किया था, जिसके खुलासे पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने एक प्रेस वार्ता में किए थे।


