भास्कर न्यूज |लुधियाना आम आदमी पार्टी के एक नेता की छवि खराब करने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने के आरोप में थाना मोती नगर की पुलिस ने कांग्रेस के वार्ड-26 से पार्षद गौरव भट्टी और साहिब राजपूत के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता जमालपुर कॉलोनी निवासी और वार्ड 26 के आप इंचार्ज इंद्रदीप सिंह मिंकू ने शिकायत में बताया कि पंजाब सरकार प्रदेशवासियों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने के लिए हेल्थ कार्ड बनाने की मुहिम चला रही है। इसके लिए सभी वार्डों में मशीनें जारी की गई हैं। इसी दौरान भामियां रोड निवासी साहिब राजपूत ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में साहिब ने आरोप लगाया कि मिंकू ने उसे निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों की पर्चियां काटकर भेजी जाएं, उनसे पैसे वसूले जाएं और उस रकम का 90 प्रतिशत हिस्सा मिंकू को दिया जाए। मिंकू ने कहा कि उनकी साहिब राजपूत से ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई। यह वीडियो पूरी तरह झूठा और उन्हें बदनाम करने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साजिश में वार्ड के पार्षद गौरव भट्टी भी शामिल हैं, जिन्होंने बिना किसी सबूत के उक्त वीडियो को बार-बार फेसबुक पर शेयर किया ताकि उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें और उनके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। थाना मोती नगर की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 351 (1,2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पार्षद गौरव भट्टी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। हालांकि उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा-‘मेरे ऊपर केस दर्ज करवाने के लिए कूमकलां से एसएचओ परमदीप सिंह को मोती नगर थाना लाया गया। आज तक नहीं हुआ कि एक थाने का एसएचओ दूसरे थाना में जाकर स्पेशल पर्चा दर्ज करे। वार्ड नंबर 26 के इलाका निवासियों के हितों की आवाज दबाने के लिए मेरे ऊपर केस दर्ज करवाया गया है।


