सीएम ने बात याद रखी और आज मेरा व मेरे स्कूल का सपना कर दिया पूरा : साम्या

सीएम ने बात याद रखी और आज मेरा व मेरे स्कूल का सपना कर दिया पूरा : साम्या

तुम पढ़-लिखकर बड़ी होकर कलक्टर बनना और फिर मुझसे मिलने आना : सीएम

छात्रा से किया वचन निभाया, उत्तमपुरा-डांगिया गांव के स्कूल पहुंचे मुख्यमंत्री

पालनपुर. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अक्सर अपनी वयोवृद्ध वात्सल्यता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते रहे हैं। ऐसा ही एक भावनात्मक प्रसंग शनिवार को बनासकांठा जिले के पीएम श्री उत्तमपुरा (डांगिया) अनुपम प्राथमिक विद्यालय में देखने को मिला।
28 अप्रेल 2025 को आयोजित एक वीडियो संवाद के दौरान कक्षा-1 में पढ़ने वाली छात्रा साम्या प्रजापति ने सहजता से मुख्यमंत्री से पूछा कि दादा, आप हमारी स्कूल में कब आएंगे? इस प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने वयोवृद्ध स्नेहपूर्ण उत्तर देते हुए कहा था कि मैं जब भी वहां आऊंगा तब जरूर तुमसे मिलने आऊंगा।
मुख्यमंत्री ने उस समय जो बात कही थी वह उनके मन में थी और इसी कारण उन्होंने बनासकांठा जिले में होने वाले कार्यक्रम में इस बेटी के गांव के स्कूल की भेंट अवश्य करने को कहा। मुख्यमंत्री का शनिवार को बनासकांठा जिले में अंबाजी कॉरिडोर के शिलान्यास अवसर पर बनासकांठा के दौरे का कार्यक्रम था। उन्होंंने इस कार्यक्रम में जाने से पहले उत्तमपुरा-डांगिया गांव के स्कूल की यात्रा की।

विद्यार्थियों के साथ आत्मीय और सहज संवाद

मुख्यमंत्री ने पहले दिए गए वचन को पूरा करने के लिए छात्रा साम्या की भावना का सम्मान करते हुए पीएम श्री उत्तमपुरा (डांगिया) अनुपम प्राथमिक विद्यालय की शनिवार को व्यक्तिगत रूप से भेंट की। मुख्यमंत्री ने स्कूल के विद्यार्थियों के साथ आत्मीय और सहज संवाद किया तथा उनके अभ्यास, स्कूल परिसर और शिक्षा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

किए श्लोक पाठ

इस अवसर पर छात्रा साम्या ने बताया कि मैंने दादा से कहा था कि आप हमसे मिलने आएंगे न… दादा ने बात याद रखी और आज मेरा और मेरे स्कूल का सपना पूरा कर दिया। साम्या ने मुख्यमंत्री के सामने श्लोक पाठ किए। इस पर मुख्यमंत्री ने छात्रा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि तुम पढ़-लिखकर बड़ी होकर कलक्टर बनना और फिर मुझसे मिलने आना। साम्या ने भी दृढ़ विश्वास के साथ दादा को वचन दिया कि मैं बड़ी होकर आपसे जरूर मिलने आऊंगी। मुख्यमंत्री ने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से भी मुलाकात की। उन्हें गुलाब के फूल दिए और बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *