ड्रिप तकनीक से बदली किस्मत:अयोध्या के किसान राजित राम ने अमरूद–शिमला मिर्च से कमाए 5 लाख, राजभवन में मिला सम्मान

ड्रिप तकनीक से बदली किस्मत:अयोध्या के किसान राजित राम ने अमरूद–शिमला मिर्च से कमाए 5 लाख, राजभवन में मिला सम्मान

अयोध्या जिले के तारुन विकासखंड के ग्राम सिहोरिया के प्रगतिशील किसान राजित राम (सुधीर) ने उद्यानिकी खेती के जरिए न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि जिले का नाम भी प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने महज 4.09 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद और शिमला मिर्च की खेती से करीब 5.10 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया। उनकी इस उपलब्धि को राज्य स्तर पर पहचान मिली और राजभवन में आयोजित फल-फूल एवं शाकभाजी प्रदर्शनी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें सम्मानित किया। जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग और बागवानी मिशन जैसी योजनाओं से किसानों को तकनीकी और आर्थिक सहयोग मिल रहा है। राजित राम इसका जीवंत उदाहरण हैं, जो अब अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। राजित राम ने बताया कि इस सीजन में उनकी कुल लागत लगभग 3.40 लाख रुपये रही, जबकि उत्पादन से 8.50 लाख रुपये की आय हुई। 20 टन अमरूद और 14 टन शिमला मिर्च का उत्पादन कर उन्होंने स्थानीय और मंडलीय बाजारों में बेहतर दाम हासिल किए। ड्रिप इरिगेशन से पानी की बचत हुई और फसल की गुणवत्ता भी बेहतर रही। राजित राम कहते हैं कि उन्होंने लघु किसान के रूप में औद्यानिक फसलों से शुरुआत की थी। सरकारी सहायता और नई तकनीकों ने उनकी आय कई गुना बढ़ा दी। आज वे न सिर्फ अपने परिवार की स्थिति सुधार चुके हैं, बल्कि गांव और ब्लॉक के अन्य किसानों को भी नई राह दिखा रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *