युवती को पहले दिया जहर, फिर गला दबाकर की हत्या

युवती को पहले दिया जहर, फिर गला दबाकर की हत्या

बैतूल। जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में सामने आए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एकतरफा प्रेम में अंधे युवक ने युवती की षडय़ंत्र कर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले उसे सल्फास खिलाया और फिर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना को आत्महत्या बताने के लिए उसने खुद भी थोड़ा जहर खाकर अस्पताल में भर्ती होकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
झल्लार थाना प्रभारी वाहिद खान ने बताया 28 जनवरी 2026 को ग्राम बासनेर खुर्द निवासी युवती देवी धोटे की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन परिजनों ने गांव के ही राहुल धोटे पर गंभीर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि राहुल युवती से एकतरफा प्रेम करता था और शादी के लिए दबाव बना रहा था। दो दिन पहले उसने युवती के माता-पिता को धमकी दी थी कि यदि शादी नहीं कराई तो वह उसे जान से मार देगा। घटना वाले दिन युवती बकरी चराने निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। तलाश करने पर उसका शव एक खेत में मिला।
गले पर मिले निशान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी। रिपोर्ट में गले की हायॉइड हड्डी टूटना, गला दबाने के निशान और शरीर पर चोटों के प्रमाण मिले। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मौत जहर से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई। इसके अलावा अंदरूनी अंगों में जहर के प्रभाव के संकेत भी मिले, जिससे हत्या से पहले जहर देने की पुष्टि हुई।
हरदा में 108 एंबुलेंस पर काम करता है आरोपी
कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन से भी आरोपी की मौजूदगी घटना स्थल के आसपास पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर राहुल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी राहुल हरदा में 108 पर ड्राइवर था और लगभग 15 दिन पहले ही घर आया था। उसके पास खुद के वाहन भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *