मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक का शव एक महिला के घर के सामने मिलने के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फिलहाल पोस्टमार्टम में स्पष्ट चोट के निशान न मिलने की बात कही है और विसरा जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद जताई है। मृतक की पहचान मऊगंज थाना क्षेत्र निवासी पवन गिरि (27) के रूप में हुई है। मृतक के पिता अर्जुन गिरि ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में प्रीतू साहू पर अपने बेटे की हत्या करने या करवाने का आरोप लगाया है। अर्जुन गिरि के अनुसार, पवन और प्रीतू साहू के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी, जिसके कारण प्रीतू साहू के ससुर विश्वनाथ उनसे रंजिश रखते थे और पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके थे। परिजनों के आवेदन के मुताबिक, 6 फरवरी की शाम करीब 6 से 7 बजे प्रीतू साहू ने पवन गिरि को फोन कर दुकान से टमाटर लाने और घर पहुंचाने के लिए बुलाया था। पवन प्रीतू साहू के घर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। लगभग डेढ़ घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि प्रीतू साहू के घर से कुछ दूरी पर पवन का शव पड़ा है। परिजनों का दावा है कि पोस्टमार्टम के दौरान पवन के गाल, गले, सीने और जांघ पर काले चोट के निशान पाए गए हैं, जो हत्या की आशंका को मजबूत करते हैं। वहीं, थाना प्रभारी संदीप भारती ने बताया कि 112 डायल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं और विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


