साइबर अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

साइबर अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

आने वाले दिनों में और छापेमारी तथा गिरफ्तारियां भी संभव
हाल ही में साइबर पुलिस द्वारा चलाए गए राज्यव्यापी अभियान के बाद अब जांच एजेंसियों ने बेलगावी, कलबुर्गी और मेंगलूरु समेत अन्य जिलों में साइबर ठगी नेटवर्क की गतिविधियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। गिरफ्तार किए गए 13 आरोपियों से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर इन जिलों में सक्रिय संदिग्ध बैंक खातों और संपर्कों की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर ठगी में उपयोग किए गए कई बैंक खाते इन जिलों से संचालित हो रहे थे, जिनके जरिए धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में स्थानांतरित किया जाता था, ताकि अपराधियों तक सीधा पहुंचना कठिन हो सके। अब इन खातों से जुड़े व्यक्तियों और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। जांच टीमों द्वारा जब्त मोबाइल फोन, लैपटॉप और डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी जारी है, जिससे साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का दायरा और अन्य राज्यों से संभावित कनेक्शन का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और छापेमारी तथा गिरफ्तारियां भी संभव हैं। साइबर पुलिस ने नागरिकों को आगाह किया है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी के उपयोग के लिए न दें, क्योंकि ऐसे मामलों में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और राज्यभर में सक्रिय नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *