दतिया में सरपंच पुत्र ने खुद को गोली मारी, मौत:नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था, एक दिन पहले ही ग्वालियर से सिकरी गांव आया था

दतिया में सरपंच पुत्र ने खुद को गोली मारी, मौत:नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था, एक दिन पहले ही ग्वालियर से सिकरी गांव आया था

दतिया के ग्राम सिकरी में शनिवार सुबह महिला सरपंच के बेटे ने घर में कट्टे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक की पहचान ग्राम सिकरी की सरपंच सुशीला राधे जाटव के बड़े बेटे विशाल जाटव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह विशाल घर के नीचे वाले कमरे में था, जबकि उसकी मां और छोटा भाई ऊपर के कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन घबराकर नीचे पहुंचे तो विशाल खून से लथपथ हालत में कमरे में पड़ा मिला। उसके सीने में गोली लगी थी। परिजन तत्काल विशाल को लेकर ग्वालियर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेसुध हो गई, वहीं घर में चीख-पुकार मच गई। ग्वालियर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था परिजनों ने बताया कि विशाल ग्वालियर में रहकर GNM (नर्सिंग) की पढ़ाई कर रहा था और अंतिम वर्ष का छात्र था। वह एक दिन पहले ही ग्वालियर से गांव आया था। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है। परिवार का कहना है कि विशाल किसी तरह के तनाव की बात साझा नहीं करता था। सूचना मिलने पर इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर पढ़ाई कर रहा युवक ऐसा कठोर कदम उठाने को क्यों मजबूर हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *