फतेहपुर में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास कर रहे दो चोरों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उनकी पिटाई की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के खलील नगर में महबूब अली के घर पर हुई। घर में कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोर दरवाजे पर लगी जाली काटकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। तभी घर की मालकिन आ गईं और उन्होंने चोरों को देखकर शोर मचा दिया।। मालकिन का शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने दोनों चोरों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी मोहल्ले के निवासी सोहेल ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गए थे। जब वे वापस लौटे, तो उनके घर के स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ था और सामान गायब था। कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि चोरी करते हुए दो चोरों को पकड़ा गया है। उनके पास से ब्लेड, कटर और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस दोनों चोरों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही कई अन्य चोरियों का खुलासा होने की उम्मीद है


