खरखौदा कन्या महाविद्यालय में 2.34 लाख की चोरी:दीवार फांदकर कर आए चोर; कमरों के ताले तोड़े, चौकीदारों ने देखा भागते हुए आरोपी

खरखौदा कन्या महाविद्यालय में 2.34 लाख की चोरी:दीवार फांदकर कर आए चोर; कमरों के ताले तोड़े, चौकीदारों ने देखा भागते हुए आरोपी

सोनीपत जिले के खरखौदा स्थित कन्या महाविद्यालय में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। 5 और 6 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने कॉलेज परिसर की पिछली दीवार फांदकर ताले तोड़े और विभिन्न लैब व कमरों से कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय कॉलेज में दो चौकीदार तैनात थे, जिन्होंने संदिग्धों को भागते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में दीवार कूदकर कॉलेज में घुसे चोर
प्राचार्य इंचार्ज योगिता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों ने कॉलेज की पिछली दीवार कूदकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने अलग-अलग लैब और कमरों के ताले तोड़कर करीबन दो लाख 34 हजार का रखा सामान चोरी कर लिया। चोरी किए गए सामान की सूची शिकायत के साथ पुलिस को सौंपी गई है।
चौकीदारों ने देखा संदिग्धों को भागते हुए
रात के समय महाविद्यालय में दो चौकीदार ड्यूटी पर तैनात थे। बताया गया कि रात करीब 2:35 बजे गश्त के दौरान उन्हें कुछ अज्ञात व्यक्ति भागते हुए दिखाई दिए। चौकीदारों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन चोर कॉलेज की दीवार के पास कुछ सामान छोड़कर दीवार फांदकर फरार हो गए।
112 पर कॉल, पुलिस को दी गई सूचना
घटना के तुरंत बाद चौकीदारों द्वारा हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। छोड़े गए सामान और घटनास्थल की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर थाना खरखौदा पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
मामले की जांच एसआई हरिप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
कन्या महाविद्यालय प्रबंधन ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *