भास्कर न्यूज | गढ़वा आरके पब्लिक स्कूल का 32वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ आज शुक्रवार को मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की। वहीं जूनियर और सीनियर विंग के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता और पेंटिंग आदि प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक अलखनाथ पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि 32 वर्ष पूर्व जब इस गढ़वा शहर में एक भी अंग्रेजी माध्यम की स्कूल नहीं थी।उस समय इस स्कूल की स्थापना 6 फरवरी 1994 को सरस्वती पूजा के दिन की गई थी। यह स्कूल सीबीएसई से मान्यता प्राप्त जिले का पहला स्कूल बनने का गौरव प्राप्त किया। उच्च कोटि की संस्कार और अनुशासन युक्त शिक्षा के साथ-साथ छात्र -छात्राओं का सर्वांगीण विकास के जिन उद्देश्यों को लेकर इस स्कूल की स्थापना की गई। स्कूल निरंतर सफलता के नित्य नये आयाम प्राप्त कर रहा है। स्कूल आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुका है। स्कूल से पढ़े हुए छात्र-छात्राएं भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अनेक क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। स्कूल से शिक्षा प्राप्त किए हुए छात्र-छात्राएं आईएएस, आईपीएस, मेडिकल, इंजीनियरिंग, शिक्षा, सैन्य, वैज्ञानिक जैसे अनेक क्षेत्रों में सफलता के परचम लहरा रहे हैं। वहीं स्कूल परिवार को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने इस लंबे सफर में जो सफलता स्कूल को प्राप्त हुआ है।इसका श्रेय स्कूल के शिक्षक और अभिभावकों को दिया। उन्होंने स्कूल परिवार को स्कूल की स्थापना दिवस की बधाई देते हुए यह आग्रह किया कि आगे भी स्कूल परिवार पूरी ईमानदारी, लगन और कर्तव्यनिष्ठ होकर अपने कार्यों को संपन्न करेंगे। वहीं नए भारत के भविष्य का निर्माण करने में अपना अहम योगदान देंगे। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य संतोष पाण्डेय ने कहा कि आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा शहर ही नहीं बल्कि पूरे गढ़वा जिला के लिए गौरव है। यह गढ़वा जिले के विकास के लिए माइलस्टोन साबित हुआ है। उन्होंने स्कूल के निदेशक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने नाम को चरितार्थ करते हुए पूरे गढ़वा जिले में शिक्षा का अलख जगाने का पुनीत कार्य किया है। उनकी जनसेवा की दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन हम सभी के लिए अनुकरणीय है। इस अवसर पर अनुप कुमार पाण्डेय, देवेन्द्र सिंह, अनिता सिन्हा, विकास तिवारी, नंदलाल गुप्ता, गीता पाण्डेय, अभिलाषा तिवारी, पूनम राय, श्वेता पाण्डेय, रश्मि शुक्ला, विनय सिंह, जागृति चौबे, इम्तियाज खान, धीरज पाण्डेय, अभिमन्यु शुक्ला व अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।


