जिला अस्पताल पहुंचे छतरपुर कलेक्टर:मरीजों को कॉल कर जाना, जांच रिपोर्ट समय पर मिली या नहीं

जिला अस्पताल पहुंचे छतरपुर कलेक्टर:मरीजों को कॉल कर जाना, जांच रिपोर्ट समय पर मिली या नहीं

छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति, इमरजेंसी वार्ड, नवनिर्मित पीडियाट्रिक यूनिट, मेडिकल रिपोर्ट विभाग, आई.पी.एच.एल. लैब, ब्लड बैंक और क्रिटिकल केयर यूनिट भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर और वार्डों की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने सिविल सर्जन को 12, 13 और 14 फरवरी 2026 को प्रस्तावित एनक्वास असेसमेंट की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक सुधार और व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि असेसमेंट के दौरान कोई लापरवाही सामने न आए। दावे की पुष्टि के लिए खुद मरीज को कॉल किया
आई.पी.एच.एल. लैब के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि मरीजों को दो घंटे के भीतर ब्लड सैंपल की रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाती है। इस दावे की पुष्टि के लिए कलेक्टर ने स्वयं एक मरीज के परिजन को फोन किया। परिजन ने बताया कि रात 8:50 बजे ब्लड सैंपल लिया गया था और डेढ़ घंटे के भीतर रिपोर्ट मिल गई थी। समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने ब्लड बैंक कलेक्शन टीम के कार्य की सराहना की। सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवीन भवन में स्थित क्रिटिकल केयर यूनिट के शेष अधोसंरचनात्मक कार्यों को लेकर बीडीसी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य एक से डेढ़ माह के भीतर पूर्ण कर भवन हैंडओवर किया जाए। कलेक्टर ने बताया कि नवीन भवन में गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए विशेष सुविधाएं, लेबर रूम और मैटरनिटी विंग को आवश्यकतानुसार शिफ्ट किया जाएगा। कलेक्टर ने जोर दिया कि जिला चिकित्सालय में सुविधाओं का विस्तार और समयबद्ध सेवाएं आम मरीजों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *