सिरसा जिले के नागरिक अस्पताल में धारदार हथियारों से हमला करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। शहर थाना सिरसा की जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी ने इस सनसनीखेज घटना में शामिल आरोपियों को धर दबोचा। शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि हरि विष्णु कॉलोनी सिरसा निवासी राजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले युवकों से पालतू कुत्ते को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में आरोपियों ने राजेश कुमार के भाई के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया और उसे सिविल अस्पताल सिरसा में भर्ती कराया गया। बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला शिकायतकर्ता ने बताया कि जब परिवार के सदस्य अस्पताल में घायल से मिलने पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अज्ञात युवक वहां आए। इन आरोपियों ने राजेश कुमार की पत्नी और भाई पर जान से मारने की नीयत से तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसके भाई के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन को मिलते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना शहर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील, अनिल, केशव (निवासी हरि विष्णु कॉलोनी सिरसा), सन्नी कुमार (निवासी चहड़ खुर्द भिवानी) और गोविंद (निवासी बडागुड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तेजधार हथियार भी बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। मामले की जांच जारी है और घटना में संलिप्त किसी भी अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


