शादी में गया था परिवार…पीछे चोरों ने चुरा लिए लाखों के गहने व आभूषण

शादी में गया था परिवार…पीछे चोरों ने चुरा लिए लाखों के गहने व आभूषण

जैसलमेर जिला मुख्यालय के समीपस्थ बड़ाबाग गांव में गुरुवार रात जब एक परिवार महज एक घंटे के लिए ही शादी समारोह में भाग लेने गया था, पीछे से चोरों ने घर में घुस कर लाखों रुपए की नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घर के लोग जब वापस लौटे और भीतर का मंजर देखा तो उनकी रुलाई फूट गई और गांव में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अमृत पुत्र राधाकिशन के घर में चोरों ने 10 तोला सोने के जेवरों सहित 20 लाख रुपए की नगदी पार कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस रात में मौके पर पहुंची और शुक्रवार को भी दिनभर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी काम पर लगाया गया। शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि रात से ही टीमों का गठन कर चोरों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में किसी स्थानीय व्यक्ति के शामिल होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। जिस घर में बड़ी मात्रा में नगदी व जेवरात रखे थे, वह केवल एक घंटे के लिए बाहर गया और पीछे चोरी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने सभी एंगल से चोरी की वारदात की जांच में जुटी है।

ताले तोड़े, माल समेटा और हुए फरार

जानकारी के अनुसार चोरी की घटना गुरुवार रात 8.30 से 9.30 बजे के बीच हुई। चोरों ने रेकी करने के बाद चोरी के लिए वह समय चुना जब पूरा परिवार गांव में ही किसी शादी समारोह में खाना खाने गए थे। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़े और कीमती ज्वैलरी और नगदी लेकर फरार हो गए। कोतवाली थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए। एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूत जमा किए। पुलिस गांव के रास्तों और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। चोरी की इस वारदात के बाद घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अन्य महिलाओं ने उन्हें ढाढस बंधवाया। शुक्रवार को दिन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घर के आसपास जमा हुए। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले भी गांव में चोरी की वारदात हुई थी। ग्रामीणों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के कारण भय का वातावरण है। साथ ही उनमें गुस्सा भी पनप रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *