MP News: मध्य प्रदेश के गुना शहर में पहली बार व्हाइट टॉपिंग तकनीक से सड़क बनाई जा रही है। जो सामान्य सड़कों से बिल्कुल भिन्न है। सड़क का निर्माण गुना-अशोकनगर मार्ग पर हवाई अड्डा से हनुमान चौराहा तक किया जाना है। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। आधुनिक मशीन से हो रहा सड़क निर्माण लोगों के लिए चर्चा का केंद्र भी बना हुआ है, क्योंकि इससे पहले शहर में इस तरह की सड़क नहीं बनी है।
7 करोड़ रूपये की लागत से हो रहा निर्माण
MPRDC के सहायक प्रबंधक शशांक शर्मा के मुताबिक, सड़क निर्माण की कुल लागत 7 करोड़ रुपए है। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास ओवरब्रिज बनना है। इसी के तहत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। वर्तमान में उक्त मार्ग पर डामर सड़क है। इसी के ऊपर सीसी रोड का निर्माण व्हाइट टॉपिंग तकनीक से किया जा रहा है। सीसी रोड निर्माण की व्हाइट टॉपिंग तकनीक पुरानी और खराब हो चुकी डामर सड़कों के ऊपर मजबूती के लिए कंक्रीट (सीमेंट) की परत बिछाने की एक आधुनिक प्रक्रिया है। इस तकनीक में पुरानी सड़क को पूरी तरह हटाने के बजाय, उसकी सतह पर 6-8 इंच (100-200 मिमी) मोटी विशेष एम-40 ग्रेड सीमेंट और फाइबर युक्त परत डाली जाती है, जो सड़क की उम्र को 20 से 25 साल तक बढ़ा देती है।
व्हाइट टॉपिंग तकनीक के मुख्य विशेषताएं और फायदे
- ये सड़क भारी ट्रैफिक और खराब मौसम में भी टिकाऊ रहती है और गड्ढा मुक्त रहती है।
- पुरानी सड़क को हटाकर पूरी तरह से नया बनाने की तुलना में, यह विधि तेजी से काम करती है।
- डामर की तुलना में इस पर बार-बार मरम्मत की आवश्यकता कम होती है।
- सफेद रंग (कंक्रीट) होने के कारण रात में बेहतर दृश्यता मिलती है, और ईंधन की खपत में भी 10-15 प्रतिशत की कमी आती है।


