मऊगंज जिले के शाहपुर गांव में गुरुवार रात शराब के नशे में धुत हमलावरों ने एक घर में घुसकर सो रहे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी, सब्बल और टांगे (कुल्हाड़ी) से किए गए इस वार में एक ही परिवार के पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। पीड़ित महिला रामबाई के अनुसार, रात करीब 9 बजे गांव के कुछ नशेड़ी गाली-गलौज करते हुए घर में घुसे। उन्होंने सबसे पहले सोते हुए बेटे पर हमला किया। जब सास-ससुर, देवर और पोता उसे बचाने आए, तो हमलावरों ने उन पर भी घातक हथियारों से वार शुरू कर दिए। तीन की हालत गंभीर हादसे में घायल पांचों लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। चोटें ज्यादा गहरी होने के कारण तीन घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस की कार्रवाई सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। रामबाई की शिकायत पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं के तहत केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।


