Gut Health: क्या आप जानते हैं कि भारत के लगभग 70% लोग पेट की किसी न किसी समस्या से लड़ रहे हैं? आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, एंटीबायोटिक्स का अधिक सेवन और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड डाइट ने हमारे पेट के बैक्टीरिया का संतुलन बिगाड़ दिया है। जब भी गट हेल्थ की बात आती है, तो दिमाग में सबसे पहले दही आता है। लेकिन विज्ञान कहता है कि केवल दही काफी नहीं है।
क्या होते हैं प्रोबायोटिक्स?
प्रोबायोटिक्स वे जीवित सूक्ष्मजीव होते हैं जिन्हें आमतौर पर फ्रेंडली बैक्टीरिया कहा जाता है। जब ये सही मात्रा में खाए जाते हैं, तो ये स्वास्थ्य लाभ प्रदान करते हैं। ये मानव माइक्रोबायोम के मुख्य नियामक होते हैं, जो पाचन तंत्र में रहने वाले ट्रिलियन्स माइक्रोब्स का एक जटिल पारिस्थितिकी तंत्र है। प्रोबायोटिक्स का सेवन जरूरी है ताकि हानिकारक बैक्टीरिया से मुकाबला किया जा सके।
6 खाद्य पदार्थ जिनमें दही से ज्यादा प्रोबायोटिक्स होते हैं:
- केफिर: केफिर एक फर्मेंटेड डेयरी प्रोडक्ट है। इसमें दही से भी ज्यादा प्रोबायोटिक्स मौजूद होते हैं। साथ ही इसमें 30 से अधिक तरह के प्रोबायोटिक बैक्टीरिया होते हैं, जो पाचन शक्ति को ठीक रखते हैं और लैक्टोज इनटॉलरेंस वाले लोगों को भी फायदा देते हैं। 2025 में प्रकाशित एक अध्ययन में यह पाया गया कि नियमित रूप से केफिर पीने से पाचन और सेहत सही रहती है।
कैसे खाएं: केफिर को स्मूदी में मिलाएं या सीधे एक गिलास जूस की तरह पिएं। यह सुबह खाली पेट सबसे ज्यादा असरदार है।
- कांजी: यह एक ट्रेडिशनल प्रोबायोटिक ड्रिंक है, जिसे बैंगनी गाजर, सरसों के बीज और पानी से तैयार किया जाता है। यह नेचुरल प्रोबायोटिक से भरपूर है और खासतौर पर मौसम के बदलते समय में सही पाचन के लिए उपयोग किया जाता है।
कैसे खाएं: दोपहर के खाने से पहले एक छोटा गिलास कांजी पिएं। यह ड्रिंक पाचन को तुरंत बूस्ट करती है।
- साउरक्राउट: यह फर्मेंटेड पत्तागोभी है जो विभिन्न लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया से भरपूर होती है। क्लिनिकल न्यूट्रिशन में यह बताया गया है कि साउरक्राउट का सेवन आंतों के मेटाबॉलिज्म को बदलने में मदद करता है।
कैसे खाएं: आप इसका सेवन सैंडविच या सलाद के साथ कर सकते हैं।
- किमची: यह कोरियाई फर्मेंटेड डिश है, जिसे गोभी, मूली और कई सब्जियों को मसालों के साथ तैयार किया जाता है। किमची के मैच्योर होने पर इसमें लैक्टोबैसिलस बैक्टीरिया की मात्रा 1,00,000 से 100 मिलियन प्रति ग्राम तक बढ़ सकती है, जिससे डाइजेशन में सुधार के साथ सूजन कम होती है।
कैसे खाएं: इसे चावल या नूडल्स के साथ साइड डिश के रूप में खाएं।
- नाटो: यह एक जापानी डिश है, जो बैसिलस सबटिलिस बैक्टीरिया से भरी होती है। यह विशेष बैक्टीरिया हृदय स्वास्थ्य और हड्डियों को बेहतर बनाने में मदद करता है।
कैसे खाएं: इसे गर्म चावल के साथ मिलाकर खाएं। इसमें थोड़ा सोया सॉस भी मिला सकते हैं।
- कोम्बुचा: यह बॉडी को डिटॉक्स करने वाली चाय है, जो प्रोबायोटिक्स और ऑर्गेनिक एसिड का मिश्रण प्रदान करती है। यह सूजन आधारित आंतों की बीमारियों को दूर करने में सहायक है। यह लिवर की गंदगी साफ करने और मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने में मदद करती है।
कैसे खाएं: इसे हेल्दी कोल्ड ड्रिंक समझकर पिएं। ध्यान रखें कि इसमें शुगर की मात्रा कम होनी चाहिए।
डिसक्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह किसी क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। इसलिए पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।


