पंजाब के पवित्र शहर अमृतसर की बेटी दिया शर्मा ने देशभर में न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है। ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ कार्यक्रम के तहत दिया शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे मुलाकात करने और अपने विचार साझा करने का गौरवपूर्ण अवसर मिला। यह पल दिया के जीवन के सबसे यादगार क्षणों में से एक रहा। मीडिया से बातचीत में दिया शर्मा ने बताया कि वह ‘माय भारत’ वॉलंटियर हैं और यह कार्यक्रम युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था। 12 जनवरी को भारत मंडपम में हुए इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष “भारत को दुनिया की स्टार्टअप कैपिटल बनाने” विषय पर अपने सुझाव रखे। दिया ने युवाओं की भूमिका, इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। हजारों युवाओं में से टॉप-20 में चुनी गई दिया दिया ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया की शुरुआत सितंबर महीने में एक ऑनलाइन क्विज से हुई थी। इसके बाद कई चरणों में स्टेट लेवल पीपीटी चैलेंज और इंटरव्यू राउंड आयोजित किए गए। देशभर से लगभग 3000 युवाओं का चयन हुआ, जिन्होंने जूरी और मेंटर्स के सामने अपने आइडिया प्रस्तुत किए। इनमें से टॉप-20 युवाओं को प्रधानमंत्री के सामने बोलने का मौका मिला, जिसमें पंजाब से दिया शर्मा ने अपनी जगह बनाई। दिया ने स्टार्टअप सपोर्ट मिशन सेल, विदेशी दूतावासों में स्टार्टअप डेस्क और वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान करने वाले स्टार्टअप्स को सहयोग देने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें ब्लॉग और व्लॉग के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाने की सलाह दी। दिया शर्मा एक सिविल सर्विस एस्पिरेंट हैं और आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। वहीं, उनकी मां विशालि शर्मा ने इस उपलब्धि को परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि दिया की मेहनत और लगन ने यह मुकाम दिलाया है। आज दिया शर्मा लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।


