शाहजहांपुर में छेड़छाड़ के आरोपी पर तेजाब से हमला:पीड़िता पर लगा आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

शाहजहांपुर में छेड़छाड़ के आरोपी पर तेजाब से हमला:पीड़िता पर लगा आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

शाहजहांपुर में छेड़छाड़ के एक आरोपी पर तेजाब से हमला किया गया है। आरोप है कि यह हमला उसी महिला ने किया है, जिसने पहले छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। तेजाब से झुलसे व्यक्ति की पहचान दृगपाल के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने दृगपाल की मां की तहरीर पर महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को हुई। वर्ष 2021 में दृगपाल पर गांव की एक महिला ने घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, जिसके बाद सात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। दृगपाल की मां नन्ही देवी ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि गुरुवार को दृगपाल किसी काम से जा रहे थे, तभी उनका सामना छेड़छाड़ की पीड़िता से हुआ। दोनों के बीच कहासुनी हुई। नन्ही देवी के अनुसार, महिला ने उनके बेटे को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और विरोध करने पर उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2021 को तेजाब फेंकने वाली महिला ने दृगपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि दृगपाल तीन साल से उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। उसने बताया कि 12 अक्टूबर 2021 को दृगपाल उसके घर में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसके साथियों ने लाठी-डंडों से मारपीट भी की थी। यह मुकदमा अभी कोर्ट में विचाराधीन है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि युवक की मां की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना की गहनता से विवेचना की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *