हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में नूंह के लघु सचिवालय सभागार में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस कमेटी) की मासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एजेंडे में शामिल कुल 15 परिवादों पर चर्चा की गई, जिनमें से 11 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष चार परिवादों को लंबित रखा गया है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अगली बैठक तक इन मामलों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उद्योग स्थापित करने के प्रयास : राव नरबीर बैठक के दौरान मंत्री ने नूंह जिले में विकास परियोजनाओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि सरकार नूंह में जंगल सफारी विकसित करने पर तेजी से काम कर रही है। इसके अतिरिक्त, आगामी बजट में जिले में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और क्षेत्र का आर्थिक विकास हो। बैठक में कुछ विशिष्ट शिकायतें भी सामने आईं। गांव जटवाड़ा, खंड तावड़ू निवासी जितेंद्र की शिकायत पर मंत्री ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक स्कूल की जमीन से अवैध कब्जा तुरंत हटवाने का निर्देश दिया। वहीं, नूंह शहर निवासी आसिफ अली ने शहीद हसन खां राजकीय मेडिकल कॉलेज में जनरल अल्ट्रासाउंड सुविधा और दवाइयों की कमी का मुद्दा उठाया।


