चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में चल रही 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में फ्रेंड्स क्लब चाईबासा के बल्लेबाज ओम वर्मा ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। ओम वर्मा ने सत्र का सबसे तेज शतक जड़ते हुए महज 26 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए और इतिहास रच दिया। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत फ्रेंड्स क्लब चाईबासा ने आर.के. क्रिकेट अकादमी सोनुवा को 9 विकेट से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। ओम की पारी में 11 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। सोनुवा की टीम 144 पर सिमटी, गेंदबाजों का रहा दबदबा इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी आर.के. क्रिकेट अकादमी सोनुवा की टीम 22.2 ओवर में 144 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सलामी बल्लेबाज इमरान अहमद ने 27 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। फ्रेंड्स क्लब की ओर से दशरथ प्रियदर्शनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं देवराज और चंदन गोप ने 3-3 विकेट लेकर सोनुवा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल, अगले मुकाबले पर नजर 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स क्लब की शुरुआत भले ही लड़खड़ाई और शिवम पटेल 6 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद ओम वर्मा ने मैदान पर कहर बरपा दिया। हिमांशु महतो के एक ओवर में लगातार 5 छक्के जड़कर उन्होंने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 8 ओवर में 49 रन से 10 ओवर के भीतर शतक तक पहुंचने वाली इस पारी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दूसरे छोर पर देवराज ने नाबाद 42 रन बनाए। फ्रेंड्स क्लब ने लक्ष्य मात्र 10.3 ओवर में हासिल कर लिया। प्रतियोगिता का अगला मुकाबला शुक्रवार को चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी और लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब (चक्रधरपुर) के बीच खेला जाएगा।


