सिहोरा-बोहानी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बोहानी रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रेन स्टॉपेज की मांग को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। रेलवे मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 22187/22188 रानी कमलापति–अधारताल इंटरसिटी एक्सप्रेस के बोहानी स्टेशन पर ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी को औपचारिक रूप से सूचित किया। सांसद दर्शन सिंह चौधरी के निरंतर प्रयासों और क्षेत्रवासियों के लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप यह निर्णय संभव हो सका है। स्टॉपेज की स्वीकृति मिलने पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बोहानी और आसपास के ग्रामीण अंचलों के यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। ट्रेन के ठहराव की खबर मिलते ही बोहानी सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इसे जनता की एकजुटता और लोकतांत्रिक प्रयासों की सफलता बताया है।


