इटावा में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने जिलाधिकारी इटावा को ज्ञापन सौंपकर एनएचएआई पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इटावा फर्रुखाबाद मार्ग पर चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगापुरा बख्तियारपुरा चौराहे के पास नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा बनाया गया टोल प्लाजा बिना तय मानकों के शुरू कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 60 किलोमीटर के नियम का उल्लंघन ज्ञापन में कहा गया कि एनएचएआई के नियमों के अनुसार किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 किलोमीटर की दूरी के बाद ही दूसरा टोल प्लाजा बनाया जा सकता है, जबकि गंगापुरा बख्तियारपुरा टोल से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के बरही में टोल प्लाजा पहले से संचालित है। इसके बावजूद नए टोल को शुरू करना नियमों के खिलाफ बताया गया है। निर्माण कार्य के बीच टोल वसूली पर सवाल सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ने बताया कि इस टोल प्लाजा को शुरू करने में इतनी जल्दबाजी की गई कि इटावा और टोल प्लाजा के बीच दतावली नहर पुल और लुहिया नहर पुल सहित कई पुलों पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे हालात में टोल वसूली शुरू करना एनएचएआई के मानकों के विपरीत है और यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करता है। वसूली रोकने की मांग और आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन के जरिए जनहित में टोल प्लाजा की वसूली तत्काल रोकने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि टोल वसूली बंद नहीं की गई तो आम जनता को न्याय दिलाने के लिए धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ नेता उदयभान सिंह यादव, सर्वेश शाक्य, प्रवक्ता विक्की गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष उमेश राजपूत डुल्ले, जिला सचिव प्रवीण कुशवाहा, डॉक्टर संतोष राठौर, प्रशांत शाक्य, राजेश यादव और अंकुर यादव सहित कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


