राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर सोनीपत में बीजेपी प्रोटेस्ट:प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बोले; सिख समाज और बिट्टू से माफी मांगे राहुल गांधी, पुतला दहन

राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर सोनीपत में बीजेपी प्रोटेस्ट:प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बोले; सिख समाज और बिट्टू से माफी मांगे राहुल गांधी, पुतला दहन

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को कथित तौर पर “गद्दार” कहे जाने के मामले ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। इस बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोनीपत में जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की गई। सोनीपत के सुभाष चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया और कांग्रेस नेतृत्व पर सिख समाज का अपमान करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने राहुल गांधी की भाषा को निंदनीय बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की। राहुल गांधी ने क्या कहा था
4 फरवरी को दिल्ली में संसद के बाहर मकर द्वार के सामने प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सामने से आए। इसी दौरान राहुल गांधी ने उन्हें देखकर कहा, “मेरा ट्रैटर फ्रेंड (गद्दार दोस्त) आ रहा है।” इसके बाद राहुल गांधी ने हाथ मिलाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, लेकिन बिट्टू ने हाथ नहीं मिलाया।
हाथ न मिलाने पर रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी से कहा कि वह देशहित में अच्छा नहीं कर रहे हैं और देश के दुश्मन हैं। इस पर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोंक-झोंक हो गई। इसी दौरान राहुल गांधी ने दोबारा कहा, “चिंता मत कर मेरे गद्दार दोस्त, तुम वापस आओगे।” सोनीपत में भाजपा का विरोध प्रदर्शन
राहुल गांधी के बयान के विरोध में सोनीपत के सुभाष चौक पर भाजपा ने प्रदर्शन किया। यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, पूर्व मेयर राजीव जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया और जमकर नारेबाजी हुई।
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली का बयान
पुतला दहन के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने सिख समाज से आने वाले केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी सिख को गद्दार कहना बेहद गलत और निंदनीय है। देशभक्त परिवार से आते हैं बिट्टू
मोहनलाल बडौली ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू एक देशभक्त परिवार से आते हैं और पहले कांग्रेस पार्टी में भी रहे हैं। आज उनके भाजपा में आने के बाद उन्हें गद्दार कहना गलत है। उन्होंने राहुल गांधी से मंत्री बिट्टू और पूरे सिख समाज से माफी मांगने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। संसद के भीतर और बाहर जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए।
1984 के सिख दंगों का मुद्दा उठाया
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मोहनलाल बडौली ने कहा कि 1984 में सिखों का कत्लेआम कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में हुआ था, लेकिन आज तक कांग्रेस ने इसके लिए माफी नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि संसद के भीतर “गद्दार” जैसे शब्दों का प्रयोग बेहद गंभीर और निंदनीय घटना है।
मनरेगा प्रोटेस्ट पर भाजपा का पलटवार
मनरेगा को लेकर कांग्रेस के विरोध पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब श्रमिकों को 100 दिन की बजाय 125 दिन काम करने का मौका मिलेगा। इससे मजदूरों को करीब 10 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि यह फैसला मजदूरों के हित में है या कांग्रेस इसके खिलाफ क्यों प्रदर्शन कर रही है।
निकाय चुनाव को लेकर भाजपा का दावा
निकाय चुनाव को लेकर मोहनलाल बडोली ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से तैयार है। चुनाव की तारीख चुनाव आयोग तय करेगा। सात जगह होने वाले निकाय चुनावों में भाजपा मजबूती से उतरेगी।
SIR को बताया वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण
एसआईआर (SIR) को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसका सीधा मतलब वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण है। जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या जो दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में “एक व्यक्ति, एक वोट” की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और यह पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग की देखरेख में हो रही है।
इस पूरे प्रदर्शन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुभाष चौक पर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और माहौल पूरी तरह से राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *