T20 World Cup 2026: वॉशिंगटन सुंदर के बाद भारत को एक और झटका, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में चोटिल हुआ ये स्टार खिलाड़ी

T20 World Cup 2026: वॉशिंगटन सुंदर के बाद भारत को एक और झटका, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में चोटिल हुआ ये स्टार खिलाड़ी

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां वर्मअप मुक़ाबला दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच खेला गया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 30 रन से जीत हासिल की। लेकिन इस मुक़ाबले में भारत को एक और बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के बाद अब तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल हो गए हैं।

तिलक वर्मा की वापसी, लेकिन हर्षित राणा चोटिल

करीब एक महीने की चोट के बाद बल्लेबाज़ तिलक वर्मा की वापसी से टीम को राहत मिली, लेकिन इसी मैच में तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा की चोट ने भारतीय खेमे की चिंता बढ़ा दी। भारतीय बल्लेबाज़ों द्वारा 20 ओवर में 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद गेंदबाज़ी के लिए उतरे हर्षित राणा को शारीरिक परेशानी के चलते मैदान छोड़ना पड़ा।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान छोड़कर जाना पड़ा

दिल्ली के इस तेज़ गेंदबाज़ की तकलीफ़ उस समय साफ़ दिखी, जब वह एक ही ओवर में दो बार अपनी रन-अप पूरी नहीं कर सके और डिलीवरी स्ट्राइड से पीछे हट गए। इसके कुछ ही देर बाद हर्षित को घुटना पकड़कर दर्द से कराहते हुए देखा गया और वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। इस तरह उनका मैच समय से पहले ही खत्म हो गया। हर्षित ने इस मुकाबले में सिर्फ एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन लुटाए।

बीसीसीआई ने अबतक नहीं किया कोई बयान जारी

फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से हर्षित के घुटने की चोट की गंभीरता या प्रकृति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। भारत इस वॉर्म-अप मैच में पहले ही एक झटके के साथ उतरा था, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज़ से पहले लगी चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं।

जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह मुख्य तेज गेंदबाज

टूर्नामेंट में टीम की तेज़ गेंदबाज़ी की अगुवाई जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह कर रहे हैं। उनके अलावा हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे ऑलराउंडर भी टीम में शामिल हैं, जबकि हर्षित राणा इस पेस अटैक का अहम हिस्सा हैं। 24 वर्षीय हर्षित अब तक अपने करियर में नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और उतने ही विकेट उनके नाम हैं।

मैच की बात करें तो विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी ने भारत की जीत की नींव रखी। ईशान ने सात छक्कों से सजी तेज़ पारी खेली, जिसके दम पर भारतीय बल्लेबाज़ों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुल 19 छक्के जड़े। अंत में भारत ने यह मुकाबला 30 रन से अपने नाम किया। वॉर्म-अप मैच में भारत ने कुल नौ गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया, जिसमें बल्लेबाज़ी ऑलराउंडर तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा ने भी तीन-तीन ओवर डालकर योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *