अयोध्या के एक सरकारी धान खरीद केंद्र पर एक किसान के लगभग 20 क्विंटल धान की चोरी का आरोप लगा है। किसान शिवशंकर तिवारी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। यह घटना बी-पैक्स, गनेशपुर स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र की है। शिकायतकर्ता शिवशंकर तिवारी ने बताया कि उन्होंने 23 दिसंबर 2025 को अपना धान बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से उक्त केंद्र पर भेजा था। आरोप है कि केंद्र की सचिव सीमा पाल, उनके भाई (सहायक सचिव) और उनके पिता (चौकीदार) ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर धान की तौल में हेराफेरी की। तिवारी के अनुसार, उनके पास धान की तौल में हुई चोरी का वीडियो फुटेज मौजूद है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी इसी केंद्र पर क्षेत्र के एक अन्य किसान के धान की तौल में बड़े पैमाने पर चोरी की गई थी। 24 दिसंबर 2025 को जब शिवशंकर तिवारी ने इस घटना की शिकायत केंद्र पर की, तो सचिव ने कथित तौर पर कहा, “जो करना है कर लो, ऊपर तक सभी अधिकारियों को इस बात की जानकारी है।” केंद्र पर काम करने वाले मजदूरों ने भी बताया कि सचिव के पिता उन्हें धमकी देते थे कि यदि वे चोरी नहीं करेंगे तो उन्हें मजदूरी नहीं मिलेगी। किसान ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उनके प्रार्थना पत्र पर संज्ञान लेते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। किसान का यह भी कहना है कि आमतौर पर धान की तौल गोदाम के बाहर होती है, लेकिन इस केंद्र पर गोदाम के अंदर तौल की जाती है। तौल के दौरान बोरियां गायब कर दी जाती हैं, और शिकायत करने पर विवाद किया जाता है। सचिव, सहायक सचिव और गोदाम चौकीदार एक ही परिवार के सदस्य हैं। इस संबंध में जिला विपणन अधिकारी धनंजय सिंह से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि शिकायत आती है तो जांच की जाएगी और जांच में जो दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।


