बस्ती जिले के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि माता-पिता की मृत्यु के बाद एक महिला को दत्तक पुत्री बताकर उसकी जमीन-जायदाद अपने नाम दर्ज करा ली गई और बाद में उसका बैनामा भी कर दिया गया। इस मामले में माननीय न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वादी संगीता (पुत्री रामवृक्ष, पत्नी हृदयराम), निवासी बरी, थाना मुण्डेरवा (वर्तमान पता ग्राम देवमी, थाना लालगंज) ने आरोप लगाया है। उनके अनुसार, माता-पिता की मृत्यु के बाद रामआज्ञा उर्फ आज्ञाराम ने उन्हें अपनी पुत्री के रूप में दर्शाया। इसके बाद, रामआज्ञा ने अपनी पत्नी निर्मला को संगीता के पिता रामवृक्ष की पत्नी बताकर पूरी पैतृक संपत्ति खतौनी में निर्मला के नाम दर्ज करा ली। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े के बाद 04 अगस्त 2023 को रामआज्ञा ने उक्त संपत्ति का बैनामा अपने पुत्रों रामानंद और रमाकांत के नाम कर दिया। वादी संगीता का कहना है कि यह पूरा कार्य धोखाधड़ी और जालसाजी से किया गया। उन्हें इसकी जानकारी काफी समय बाद हुई, जब उन्होंने दस्तावेजों की पड़ताल कराई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। वादी संगीता ने पहले थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर मुण्डेरवा थाने में केस संख्या 23/2026 के तहत रामआज्ञा उर्फ आज्ञाराम (पुत्र कोदई), उसकी पत्नी निर्मला, तथा पुत्र रामानंद और रमाकांत (सभी निवासी धौरहरा गोचना, थाना मुण्डेरवा) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


