अज्ञात वाहन की टक्कर से स्पोर्ट्स टीचर की मौत:अमरोहा में फ्लाईओवर पर हादसा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अज्ञात वाहन की टक्कर से स्पोर्ट्स टीचर की मौत:अमरोहा में फ्लाईओवर पर हादसा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अमरोहा के गजरौला में एक निजी स्पोर्ट्स टीचर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना तीन दिन पहले रेलवे फ्लाईओवर पर हुई थी। पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गजरौला थाना क्षेत्र के मोहल्ला सैफी नगर निवासी 37 वर्षीय स्पोर्ट्स टीचर मोहित पुत्र स्वर्गीय हरिओम सिंह सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी बाइक से बाजार से घर लौट रहे थे। जब उनकी बाइक मोहल्ले के सामने रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस हादसे में मोहित के सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से मोहित को गजरौला सीएचसी ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें मुरादाबाद रेफर किया। मुरादाबाद में इलाज के दौरान कुछ घंटे बाद ही मोहित की मौत हो गई। मोहित शहर के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर के पद पर कार्यरत थे। घटना के दो दिन बाद, मृतक के चाचा वीरेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *