फिरोजाबाद में कई दिनों बाद गुरुवार को घने कोहरे से लोगों को राहत मिली, हालांकि ठंड का असर अब भी बना हुआ है। इस बीच, खराब मौसम के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से छह घंटे की देरी से पहुंचीं, जबकि एक एक्सप्रेस ट्रेन रद्द कर दी गई। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे गलन भरी सर्दी का एहसास हुआ। सर्दी के बढ़ते प्रकोप के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस की जा रही है। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते दिखे। खासकर मजदूर, राहगीर और ग्रामीण इलाकों में लोग आग तापकर सर्दी से राहत पाने की कोशिश करते रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इससे ठंड से पूरी तरह राहत मिलने में अभी कुछ समय लगेगा।
खराब मौसम से रेलयात्रियों की मुसीबतें कम नहीं हो रही हैं। फिरोजाबाद से गुजरने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से छह घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं, डाउन की भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस को रेल प्रशासन ने रद्द कर दिया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली और आगरा की ओर जाने वाली ट्रेनों में पूर्वा एक्सप्रेस तीन घंटे, अवध एक्सप्रेस चार घंटे, मगध एक्सप्रेस दो घंटे, आनंद विहार टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस चार घंटे, भावनगर टर्मिनस स्पेशल एक्सप्रेस तीन घंटे, तेजस एक्सप्रेस दो घंटे, गोमती एक्सप्रेस तीन घंटे, मूरी एक्सप्रेस ढाई घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस चार घंटे और ब्रह्मपुत्र मेल दो घंटे की देरी से पहुंचीं। कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों में मगध एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, फरक्का एक्सप्रेस तीन घंटे, कालिंदी एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल छह घंटे, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस दो घंटे, नेताजी एक्सप्रेस ढाई घंटे, मूरी एक्सप्रेस ढाई घंटे, गोमती एक्सप्रेस दो घंटे और पारसनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से पहुंचीं।


