सोनीपत में सेल्समैन को 8-10 युवकों ने पीटा:CNG पंप पर कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद; धमकी और 6 हजार लूटने का आरोप

सोनीपत में सेल्समैन को 8-10 युवकों ने पीटा:CNG पंप पर कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद; धमकी और 6 हजार लूटने का आरोप

सोनीपत के सेक्टर-7 स्थित GAIL CNG पंप के पास आपसी विवाद के बाद मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित सेल्समैन की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना सेक्टर-27 पुलिस ने श्याम व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंप पर कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
राई के गांव जाजल निवासी सज्जन कुमार, जो पिछले नौ वर्षों से GAIL CNG पंप सेक्टर-7 पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, ने बताया कि शाम के समय साथ काम करने वाले श्याम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बात हाथापाई तक पहुंची, जिसे हर्ष नामक युवक ने बीच-बचाव कर शांत करवाया। इसके बाद सज्जन कुमार घर चले गए।
थाने बुलाकर किया गया इंतजार
घटना के बाद श्याम ने थाना सेक्टर-27 में शिकायत दी। पुलिस ने सज्जन कुमार को थाने बुलाया। जांच अधिकारी ने श्याम से फोन पर संपर्क किया, जिसने खुद को शादी में व्यस्त बताया। इसके बाद सज्जन कुमार को समय देकर थाने से भेज दिया गया।
घर लौटते समय घात लगाकर हमला
थाने से निकलकर सज्जन कुमार जब दोपहर करीब 2:30 बजे पंप से गांव लौट रहे थे, तभी पंप से लगभग 200 मीटर आगे 8-10 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि डंडों से कमर पर वार किए गए और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की गई। हमलावरों ने श्याम से दुश्मनी न रखने और दोबारा झगड़ा करने पर जान से मारने की धमकी दी।
धमकी देकर फरार, नकदी भी गायब
पीड़ित के अनुसार हमलावर खुद को श्याम का दोस्त बता रहे थे। मारपीट के बाद आरोपी स्कॉर्पियो और थार गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए। सज्जन कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी जेब में रखे करीब 6 हजार रुपये भी गायब मिले।
MLR के अनुसार सज्जन कुमार को कुल छह चोटें आई हैं। जिनमें से कुछ पर ऑर्थो, कुछ पर NCCT हेड व फेस सर्जन तथा एक चोट पर सर्जन की राय लेने की सलाह दी गई है।
पुलिस जांच में आरोप सही पाए गए
पुलिस ने 2 फरवरी को डीडी दर्ज कर 4 फरवरी को घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। स्थानीय लोगों से पूछताछ और MLR के अवलोकन के बाद शिकायत के तथ्य सही पाए गए।
थाना सेक्टर-27 सोनीपत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(3), 126(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच ASI प्रदीप को सौंपी गई है।
पुलिस बोली-जांच जारी, आरोपी जल्द होंगे काबू
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *