Indonesia की सड़कों पर दौड़ेगी Mahindra Scorpio, एक झटके में मिला 35 हजार गाड़ियों का बड़ा ऑर्डर.

Indonesia की सड़कों पर दौड़ेगी Mahindra Scorpio, एक झटके में मिला 35 हजार गाड़ियों का बड़ा ऑर्डर.
भारत में महिंद्रा ऑटो लंबे समय से लैडर-फ्रेम एसयूवी सेगमेंट में नंबर वन रही है और मिड-साइज एसयूवी बाजार में भी उसकी मजबूत पकड़ है। हालांकि पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट के अलावा, कमर्शियल व्हीकल यानी सीवी सेक्टर में भी महिंद्रा की मौजूदगी घरेलू बाजार से लेकर निर्यात तक लगातार मजबूत होती जा रही है।
बता दें कि इसी कड़ी में महिंद्रा को इंडोनेशिया से अब तक का सबसे बड़ा निर्यात ऑर्डर मिला है। इंडोनेशिया की सरकारी स्वामित्व वाली संस्था अग्रिनास पंगन नुसंतरा ने महिंद्रा से 35,000 स्कॉर्पियो पिकअप सिंगल-कैब वाहनों का ऑर्डर दिया है। मौजूद जानकारी के अनुसार, यह पूरा ऑर्डर वर्ष 2026 में भारत से इंडोनेशिया भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि इंडोनेशिया में पिकअप ट्रकों की मांग पहले से मजबूत रही है और वहां दाइहात्सु, सुजुकी, मित्सुबिशी, इसुजु और टोयोटा जैसे बड़े ब्रांड पहले से मौजूद हैं। इसके बावजूद किसी भारतीय कंपनी को इतनी बड़ी संख्या में ऑर्डर मिलना भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और महिंद्रा की वैश्विक साख को दर्शाता है।
यह ऑर्डर केडीकेएमपी यानी कोपरासी देसा/केलुरहान मेराह पुथिह परियोजना के तहत दिया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य इंडोनेशिया में ग्रामीण सहकारी समितियों को मजबूत लॉजिस्टिक्स सुविधा उपलब्ध कराना है। महिंद्रा की स्कॉर्पियो पिकअप गाड़ियों का इस्तेमाल खेतों से ताजा कृषि उत्पादों को बाजार तक आसानी से पहुंचाने के लिए किया जाएगा, जिससे ग्रामीण आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी।
महिंद्रा के लिए यह सौदा इसलिए भी अहम है क्योंकि 35,000 वाहनों का यह ऑर्डर कंपनी के वित्त वर्ष 2025 में किए गए कुल निर्यात से भी अधिक है। इससे महिंद्रा के अंतरराष्ट्रीय कारोबार को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन सभी स्कॉर्पियो पिकअप वाहनों का निर्माण महाराष्ट्र के नासिक स्थित महिंद्रा प्लांट में किया जाएगा। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और कुछ अफ्रीकी व दक्षिण अमेरिकी बाजारों में महिंद्रा की पिकअप गाड़ियां अपनी मजबूती, बेहतर पेलोड क्षमता और कम परिचालन लागत के लिए पहले से लोकप्रिय रही हैं।
इस सौदे पर प्रतिक्रिया देते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि कंपनी इंडोनेशिया की सहकारी समितियों को मजबूत लॉजिस्टिक्स सपोर्ट देने के लिए इस साझेदारी को लेकर उत्साहित है। उन्होंने यह भी कहा कि यह करार महिंद्रा की ‘राइज’ फिलॉसफी के अनुरूप है और अंतरराष्ट्रीय कारोबार को नई ऊंचाई देने में मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *