बाड़मेर के धोरीमन्ना में एक महिला की टांके में डूबने से एक संदिग्ध हालत में मौत होने का मामला सामने आया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को टांके से बाहर निकालकर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया। परिजनों का आरोप है कि हत्या कर हादसे का रूप देने के लिए टांके में डाल दिया। वहीं गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस उनसे समझाइश कर रही है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सुसाइड करना सामने आया है। धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया- मृतका पुष्पा के पिता आसुराम पुत्र गोकलाराम निवासी फगलू का तला धनाऊ ने रिपोर्ट दी। बताया कि बेटी की शादी 7 महीने पहले रमेश कुमार पुत्र जबराराम निवासी कावों की बेरी रोहिला पूर्व, धोरीमन्ना के साथ की थी। हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन शादी के 3 महीने तक बेटी पुष्पा और दामाद रमेश कुमार के बीच सबकुछ ठीक था, लेकिन फिर उसके बाद ससुराल पक्ष दहेज की डिमांड करते हुए मारपीट करने लगे। सामाजिक स्तर पर पंचायती कार्रवाई भी करवाई थी, इसके बावजूद रमेश कुमार और ससुराल के अन्य लोग मारपीट करते रहे। परिजनों का आरोप है कि बेटी को दहेज के लिए रमेश कुमार पत्नी एलची, सुमित्रा पत्नी ओमप्रकाश ने मारपीट की। मर्डर करके तथ्य छुपाने के लिए टांके में डाल दिया। कल रात मंगलवार को हमें सूचना दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजन
परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धोरीमन्ना थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। डीएसपी सुखराम विश्नोई, सीआई दीपसिंह परिजनों से वार्ता कर समझाइश कर रहे है। फिलहाल मृतका पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया- परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। परिजनों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया जा रहा है।


