भदोही में ट्रेन से गिरकर महिला की मौत:आंध्र प्रदेश से पति संग वाराणसी जाते समय गिरी, मौके पर दम तोड़ा

भदोही में ट्रेन से गिरकर महिला की मौत:आंध्र प्रदेश से पति संग वाराणसी जाते समय गिरी, मौके पर दम तोड़ा

भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को चेन्नई से छपरा जा रही गंगा कावेरी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने से एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। महिला का शव डीह कोईरान गांव के निकट गड्ढे में मिला। मृतका की पहचान आंध्र प्रदेश निवासी लक्ष्मी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पति श्रीनिवास के साथ आंध्र प्रदेश से वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रही थीं। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी। चौरी चौकी प्रभारी नथुनी सिंह और उपनिरीक्षक रमेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। शुरुआती तौर पर महिला की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
महिला के ट्रेन से गिरने की जानकारी उनके साथ यात्रा कर रहे पति को नहीं हुई। ट्रेन जब वाराणसी पहुंची, तब उन्हें पत्नी के लापता होने का पता चला। उन्होंने वाराणसी जीआरपी कंट्रोल रूम में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बाद में जीआरपी चौकी भदोही को वाराणसी जीआरपी कंट्रोल रूम से गंगा कावेरी एक्सप्रेस से एक महिला के लापता होने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस और जीआरपी भदोही ने वाराणसी जीआरपी से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। मृतका के बेटे श्रीराम ने फोटो देखकर अपनी मां की पहचान की।
लोगों का मानना है कि महिला संभवतः बाथरूम गई होगी, जहां संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गई और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के पति श्रीनिवास चौरी थाना पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *