बालाघाट में लापता बुजुर्ग का अर्धनग्न शव मिला:शरीर पर पॉलीथिन बंधी और चेहरा-हाथ काले पड़ चुके, हत्या की आशंका

बालाघाट में लापता बुजुर्ग का अर्धनग्न शव मिला:शरीर पर पॉलीथिन बंधी और चेहरा-हाथ काले पड़ चुके, हत्या की आशंका

बालाघाट जिले के परसवाड़ा थाना क्षेत्र में पिछले 5 दिनों से लापता 60 वर्षीय कैलाश गिरी गोस्वामी का शव बुधवार को कुमनगांव और अरंडिया के बीच संदिग्ध हालत में मिला है। शव अर्धनग्न अवस्था में था, जिसे सबसे पहले एक चरवाहे ने देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक कैलाश गिरी, वारासिवनी के नेवरगांव के रहने वाले थे। वे 28 जनवरी को अपनी बेटी के घर डुंगरिया आए थे और 30 जनवरी को वहां से वापस जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिजन ने 2 फरवरी को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को जब उनका शव मिला, तो शरीर पर पॉलीथिन बंधी हुई थी और चेहरा और हाथ काले पड़ चुके थे। हत्या या वन्यजीव का हमला? शव की हालत को देखते हुए मौत की वजह को लेकर रहस्य बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी वन्यजीव का शिकार हो सकते हैं या फिर उनकी हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और बीडीडीएस (BDDS) की टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। जांच में जुटी पुलिस परसवाड़ा थाना प्रभारी मदन इवने के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *