Warm Water Benefits: आजकल बहुत से लोग सुबह उठते ही चाय या कॉफी की जगह एक गिलास गुनगुना पानी पीने लगे हैं। इसे शरीर को हाइड्रेट करने का सबसे आसान तरीका बताया जा रहा है। कई लोग मानते हैं कि इससे अपच, गैस और पेट की दिक्कतें दूर होती हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या सच में गुनगुना पानी पीने से फायदा होता है या यह सिर्फ एक हेल्थ ट्रेंड है?
रिसर्च की मानें तो सुबह पानी पीने के पीछे थोड़ी बहुत साइंस भी है। जर्नल ऑफ क्लिनिकल एंडोक्रिनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म के मुताबिक, करीब 500 ml पानी पीने से शरीर का मेटाबॉलिज्म कुछ समय के लिए बढ़ सकता है, क्योंकि शरीर उस पानी को अपने तापमान तक गर्म करने में एनर्जी खर्च करता है। हालांकि, हर इंसान का शरीर अलग होता है, इसलिए इसका असर भी सभी पर एक जैसा नहीं होता।
क्या गुनगुना पानी अपच में मदद करता है?
सुबह उठते ही पेट भारी लगना, गैस या सूजन होना अपच के आम लक्षण हैं। माना जाता है कि खाली पेट गुनगुना पानी पीने से पाचन तंत्र एक्टिव हो जाता है। ठंडे पानी की तुलना में गुनगुना पानी खाने को जल्दी तोड़ने में मदद करता है। इससे पेट में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और पाचन प्रक्रिया धीरे-धीरे शुरू हो जाती है।
सुबह गुनगुना पानी पीने के फायदे
पाचन बेहतर करता है
गुनगुना पानी पेट के एंजाइम्स को एक्टिव करता है, जिससे नाश्ता पचाने में आसानी होती है और एसिडिटी की समस्या कम हो सकती है।
कब्ज में राहत
गर्म तरल पदार्थ आंतों की मूवमेंट को तेज करते हैं। इससे सुबह पेट साफ होने में मदद मिलती है।
शरीर की सफाई में मदद
गुनगुना पानी पीने से शरीर का तापमान थोड़ा बढ़ता है, जिससे पसीना आता है और टॉक्सिन्स बाहर निकलने में मदद मिलती है।
ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है
गर्म पानी नसों को फैलाने में मदद करता है, जिससे पूरे शरीर में खून का प्रवाह बेहतर होता है।
वजन कंट्रोल में सहायक
हालांकि यह फैट नहीं गलाता, लेकिन मेटाबॉलिज्म को थोड़ा तेज कर सकता है, जिससे कैलोरी बर्न में मदद मिलती है।
गुनगुना पानी पीने के नुकसान भी जान लें
बहुत ज्यादा गर्म पानी पीना नुकसानदायक हो सकता है। इससे गले और खाने की नली को नुकसान पहुंच सकता है। दांतों की ऊपरी परत भी कमजोर हो सकती है। जिन लोगों को एसिड रिफ्लक्स या GERD की समस्या है, उन्हें बहुत गर्म पानी से परेशानी हो सकती है। जरूरत से ज्यादा पानी पीने से शरीर के जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स भी कम हो सकते हैं।
कितना और कैसा पानी पिएं?
सुबह पानी गुनगुना होना चाहिए, बहुत गर्म नहीं। अगर गिलास हाथ में पकड़ना मुश्किल हो रहा है, तो पानी ज्यादा गर्म है।


