चंदौली में अतिक्रमण हटाने के दौरान ग्रामीणों ने किया हंगामा:सर्विस लेन पर लोगों ने किया विरोध, पंचायत कर्मियों से भिड़े

चंदौली में अतिक्रमण हटाने के दौरान ग्रामीणों ने किया हंगामा:सर्विस लेन पर लोगों ने किया विरोध, पंचायत कर्मियों से भिड़े

चंदौली में जिला मुख्यालय पर बुधवार को नेशनल हाईवे की सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मझवार रेलवे स्टेशन के पास अवैध कब्जों को हटाने पहुंची नगर पंचायत की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जैसे ही नगर पंचायत कर्मियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, वहां रह रहे डोम बिरादरी के लोग विरोध में उतर आए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लोग नगर पंचायत कर्मियों से सीधे भिड़ गए। यह पूरी धक्का-मुक्की और नोकझोंक मौके पर तैनात पुलिस बल के सामने होती रही। सर्विस लेन पर कब्जा जमाए अतिक्रमणकारियों के उग्र तेवर देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे लोगों को बल प्रयोग कर पीछे खदेड़ा। पुलिस के कड़े हस्तक्षेप के बाद ही मामला शांत हो सका और स्थिति नियंत्रण में आई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रेलवे स्टेशन और नेशनल हाईवे के आसपास अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। आए दिन लगने वाले जाम और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर यह सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विरोध करने वालों को चिह्नित कर पुलिस द्वारा कार्रवाई की योजना तैयार की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *